काव्य-मंच
काव्य-मंच (मापनी:- 2122 2122 212) काव्य मंचों की अवस्था देख के,लग रहा कविता ही अब तो खो गयी;आज फूहड़ता का ऐसा जोर है,कल्पना कवियों की जैसे सो गयी। काव्य-रचना की जो प्रचलित मान्यता,तोड़ उनको जो रचें वे श्रेष्ठ हैं;नव-विचारों के वे संवाहक बनें,कवि गणों में आज वे ही ज्येष्ठ हैं। वासनाएँ मन की जो अतृप्त हैं,वे बहें तो काव्य में रस-धार है;हो अनावृत काव्य में सौंदर्य तो,आज की भाषा में वो शृंगार है। रूप की प्रतिमा अगर है मंच पर,गौण फिर तो काव्य का सौंदर्य है;फब्तियों की बाढ़ में खो कर रहे,काव्य का ही पाठ ये आश्चर्य है! चुटकलों में आज के श्रोता सभी,काव्य का पावन रसामृत ढूंढते;बिन समझ की वाहवाही करके वे,प्राण फूहड़ काव्य में भी फूंकते। मूक कवि, वाचाल सब लफ्फाज हैं,काव्य के सच्चे उपासक खो रहे;दुर्दशा मंचों की ऐसी देख कर,काव्य-प्रेमी आज सारे रो रहे। बासुदेव अग्रवाल ‘नमन’तिनसुकिया रचनाकार का नाम: नमन पदनाम: बासुदेव संगठन: अग्रवाल ईमेल पता: [email protected] पूरा डाक पता: तिनसुकिया