1

हिन्दू नव वर्ष

हिन्दू नव वर्ष मनाए–

चलो हिन्दू नव वर्ष मनाए
आशाओं, विश्वास का
उत्साह उमंग चाह प्रसंग के
नए सुबह का अलख जगाए
चलो हिन्दू नव वर्ष मनाए।।

उत्कर्ष,हर्ष दुःख दर्द के बीते पल
कि यादों के संग कदम बढ़ाए
चलों उत्कृष्ट नव वर्ष बनाए
चलो हिन्दू नव वर्ष मनाए ।।

त्यागो घृणा द्वेष को प्रेम
शांति निर्मल, निर्झर ,अविरल
धारा बहाए अखिल ब्रह्मांड में
प्रकृति ,प्राणि ब्रह्म सत्य का
संदेश जगाए।
चलो हिन्दू नव वर्ष मनाए।।

साहस शक्ति के युवा युग
मानवता मूल्यों के पथ प्रकाश में
नव युग का दीप जलाए भय भ्रम
अंधकार मिटाए।
चलों हिन्दू नव वर्ष मनाए।।

धर्म ,सद्कर्म ,से अभिनंदन
नव वर्ष का मानव मुख
मण्डल पर मुस्कान जगाए
मानव मुल्यों की गमग गीत
गाये।
चलो हिन्दू नववर्ष मनाए।।

सांसों में आश धड़कनों में
उठती तरंग है भाग्य भगवान
राम आगमन का जागृति जागरण
मधुर बयार बहाए।
चलों हिन्दू नव वर्ष मनाएं।।

साध्य साधना के पग पग
माँ की आराधना के पल पहर शक्ति की भक्ति भाव नवदुर्गा दुर्लभ भान भाष्कर नव वर्ष उगाए।
चलों हिन्दू नव वर्ष मनाएं।।

नंदलाल मणि त्रिपाठी पीताम्बर गोरखपुर उत्तर प्रदेश।।




है माँ

आदि शक्ति अम्बे जगदम्बे

आराधना खंड

हे देवी माँ

तू भय भव भंजक
जगत कल्याणी
दुष्टो की दुर्गा काली
भक्तो की रखवाली
शक्ति दे मुझे अपनी
भक्ति का भाव भाग्य दे !!

माँ शारदेय
मैं आया तेरे द्वार
तुझे पुकारते
मैं तेरी संतान
सुन पुकार
मेरी कामना का वर
वरदान दे!!

खोजता भटकता
सारे जहां में
आ गया हूँ
तेरे द्वार
तेरे ज्योति के
उजियार में !!

जिंदगी की दुस्वारिया
बहुत मैं आ गया
जिंदगी चाहतों
की राह में
तेरी ममता
आँचल की छाव में !!

माँ शारदेय
मैं आया तेरे
द्वार तुझे पुकारते
मैं तेरी संतान
सुन पुकार
मेरी कामना का
वर वरदान दे!!

माँ शारदेय
मैं आया
तेरे द्वार
तुझे पुकारते
मैं तेरी संतान
सुन पुकार
मेरी कामना का
वर वरदान दे!!

माँ शारदेय
मैं आया
तेरे द्वार
तुझे पुकारते
मैं तेरी संतान
सुन पुकार
मेरी कामना का
वर वरदान दे!!

हो गया हो
गर कही
अपराध
तेरी सेवा पूजा
सत्कार में
तेरा ही वात्सल्य हूँ
कर छमा
दया का आशिर्बाद दे !!

तू तो जग
जननी सद्गुण ही
जानती तू
अपनी संतान में
मेरे दुर्गुणों को
सद्गुणों में निखार दे !!

माँ शारदेय
मैं आया तेरे द्वार
तुझे पुकारते मैं
तेरी संतान सुन पुकार
मेरी कामना का
वर वरदान दे!!

लालसा बहुत
मानवीय स्वभाव मैं
तेरी भक्ति का भाव
शक्ति धन धान्य में ,
मेरी चाहत
सिर्फ तू रहे
आत्म प्रकाश में
आत्म के प्रकाश में !!

माँ शारदेय
मैं आया तेरे द्वार
तुझे पुकारते
मैं तेरी संतान
सुन पुकार
मेरी कामना का
वर वरदान दे!!

साध्य साधना
आराधना मेरी
कर्म धर्म ज्ञान
के बैभव
बैराग्य में ,
माँ मेरी तू अपनी
ध्यान ज्ञान की भक्ति
की शक्ति का
मुझे वर दान दे !!

माँ शारदेय
मैं आया तेरे द्वार
तुझे पुकारते मैं
तेरी संतान सुन
पुकार
मेरी कामना का वर
वरदान दे!!

तू भय भव
भंजक जग कल्याणी
दुष्टो की दुर्गा काली
भक्तो की रखवाली
शक्ति दे अपनी
भक्ति का भाव
भाग्य दे !!

माँ शारदेय
मैं आया तेरे द्वार
तुझे पुकारते
मैं तेरी संतान
सुन पुकार
मेरी कामना का वर
वरदान दे!!

नन्दलाल मणि त्रिपाठी (पीताम्बर )




हे माँ

हे माँ

तू अवनि अवतारी
पर्वत की बाला
दुःख हरने वाली
जग कल्याणी
जय अम्बे जय जगदम्बे !!

तू सीता सावित्री
पार्वती विघ्नेश्वरी
भुनेश्वरी बाघम्बरी
चंडी चंडिका
मनसा महिमा
मनोकामना!!

तू अवनि अवतारी
पर्वत की बाला
दुःख हरने वाली
जग कल्याणी
जय अम्बे जय जगदम्बे !!

तू लक्ष्मी गौरी
शिवा वैष्णवी
रुक्मणि राधा
राधा ब्राह्मी
भाग्य विधाता !!

तू अवनि अवतारी
पर्वत की बाला
दुःख हरने वाली
जग कल्याणी
जय अम्बे जय जगदम्बे !!

तू माँ शारदा
स्वप्नेश्वरी वगलामुखी
कर्णिका काली
तू छाया माया
निद्रा क्वचिदपि
न भवति कुमाता !!

तू अवनि अवतारी
पर्वत की बाला
दुःख हरने वाली
जग कल्याणी
जय अम्बे जय जगदम्बे !!

तू रिद्धि सिद्धि
हरसिद्धि सत्य
सप्त श्रृंगी माता
तू कामाख्या
जग जननी
जग विख्याता !!

तू अवनि अवतारी
पर्वत की बाला
दुःख हरने वाली जग
कल्याणी जय
अम्बे जय जगदम्बे !!

तू सर्वेश्वरी कमलेश्वरी
ब्राह्मणी रुद्राणी
ज्वाला माता
दक्षिणेश्वर काली
महालक्मी
मुम्बा देवी धन धान्य
सुतान्यहम की दाता !!

तू अवनि अवतारी
पर्वत की बाला दुःख
हरने वाली जग
कल्याणी जय
अम्बे जय जगदम्बे !!

तू सुरेश्वरि अशुरेश्वरी
इंद्राणी करुणेश्वरी
माहेश्वरी दिगम्बरी
श्वेताम्बरी
ललितेश्वरी नारायणी
क्रोध छमा की माता !!

तू अवनि अवतारी
पर्वत की बाला दुःख
हरने वाली जग कल्याणी
जय अम्बे जय जगदम्बे !!

तू भ्रामरी भैरवी
शनिश्चरी मीनाक्षी
अनसूया धात्री
धारिणी जग
तारणी माता!!

तू अवनि अवतारी
पर्वत की बाला दुःख
हरने वाली जग
कल्याणी जय
अम्बे जय जगदम्बे !!

तू चिंत्तपूर्णी
छिन्नमस्तिका
सिद्धेश्वरी चामुंडा
चामुंडेश्वरी
रामेश्वरी मातेश्वरी !!

तू अवनि अवतारी
पर्वत की बाला
दुःख हरने वाली
जग कल्याणी
जय अम्बे जय जगदम्बे !!

नन्दलाल मणि त्रिपाठी (पीताम्बर )




अटूट विश्वास

अटूट  विश्वास 

मंजिल को ढूंढ़ने सभी 

घर के तारे निकल पड़े 

आंखों मे जो इक ख्वाब है

उसे पाने निकल चले

गम की अँधेरी रातों में

जलना होगा तुझे 

कांटो भरी राह मे भी 

चलना होगा तुझे 

हिम्मत ना खोना 

राह में बाधायें देखकर 

मंजिल को ढूंढ़ने सभी 

घर के तारे निकल पड़े ।।

स्वरचित कविता

ज्योतिका शाही सक्सेना

लखनऊ, उत्तर प्रदेश

 

 




वर्तमान समय में नैतिक शिक्षा क्यूँ आवश्यक है ?

  • वर्तमान समय मे नैतिक शिक्षा की अनिवार्यता क्यूँ जरुरी है ?

    हमारा देश अपनी प्राचीन सभ्यता एवं संस्कृति के कारण आज पूरे विश्व मे सिरमोैर बना हुआ है, किंतु कुछ बातों के कारण आज हमारी संस्कृति का दिनों दिन पतन होता जा रहा है ।
    इस पतन का कारण नैतिक शिक्षा का ना होना है। आज के युग मे हम अपनी संस्कृति को छोड़ करके पश्चिमी सभ्यता के प्रभाव की ओर निरंतर कदमो को बढ़ाये चलें जा रहे हैं। हम उन संस्कृतियों को देखकर ही अपना रहे हैं। केवल हमारे देश में ही नहीं अपितु पूरे विश्व में भ्रष्ट नैतिकता का जाल फैलता जा रहा है। पहले कभी परिवार में दादा – दादी, चाचा -चाची, माता -पिता व बच्चे एकजुट होकर रहते थे किंतु आज संयुक्त परिवार एकल परिवार मे परिवर्तित होते जा रहे हैं।
    “कच्ची मिट्टी के घड़े,सोच समझकर ढाल,
    उत्तम बचपन जो गढ़े,नैतिक होगा काल।
    नैतिक मूल्यों से मिटे,गद्दारी का जाल।”
    पहले परिवारों मे बच्चे अपने माता पिता के चरण स्पर्श कर उनका अशीर्वाद लेते थे उनको ईश्वर की भांति पूजते थे जबकि आज के जमाने के बच्चे उनकी बातें सुनने से भी कतराते हैं आज ये संस्कृति शायद कहीं देखने को मिले। अब तो जिसको देखो वही अपना स्वार्थ सिद्ध करने में लगा है। इन सारे दुष्परिणामों से बचने के लिए केवल एक ही उपाय है “नैतिक शिक्षा” ।
    बच्चे देश का भविष्य होते है, यदि बच्चे अच्छे हुए तो देश का भविष्य अवश्य अच्छा होगा। सभी विद्यालयों और विश्व विद्यालयों में नैतिक शिक्षा का विषय अनिवार्य होना चाहिए क्योकि यह शिक्षा अत्यंत आवश्यक है । हमें खुद अपने बच्चों के लिए खुद एक उदाहरण बनना होगा तभी यह दुनिया सुचारु रूप से चल सकेगी हमें बच्चों को नैतिक शिक्षा रोमांचक रूप से सिखानी होगी।

    ज्योतिका शाही सक्सेना, स्वतन्त्र लेखिका , कवयित्री एवं नवोदित गीतकार
    लखनऊ, उत्तर प्रदेश




थर्ड जेंडर

 

तुम क्या कहोगे मुझे? 

पहचान के लिए एक अदना सा शब्द तो दे ना सके

और दे भी क्या सकते हो तुम 

मैं क्यों मांगू

नाम थोड़े ही मांगा जाता है

या तो रखा या कमाया जाता है 

गर मुझे खुद ही अपने हिस्से की लड़ाई लड़नी पड़े 

तो कोई और क्यों..? 

ओ मतलबी तूं मुझे एहसानमंद न बना  

प्रकृति ने मुझे पूर्ण बनाया है

चाहिए ना तेरा संग और साथ

देख तुझे से भी आगे निकल गई

है नहीं मेरी रंग-नस्ल-धर्म और जात 

 

 

 




सौ सौ अफसाने हैं

नवगीत

सबका अपना तौर-तरीका
सबके अपने पैमाने हैं।

हैं कई सभ्यताएँ
और उनमें संघर्ष है।
कैसे होगा फिर
इंसानियत का उत्कर्ष है।।

अगर हमारा पंथ निराला
उसके सौ-सौ अफसाने हैं।

एकीकृत करने का अब
कोई वक्त नहीं है।
औ देशभक्ति में
बहने वाला रक्त नहीं है।।

अगर यहाँ है फिल्मी दुनिया
तो कैसे फिल्मी गाने हैं।

देश नहीं है मानो
मात्र भूमि का टुकड़ा है।
चंदा जैसे सुंदर-सुंदर
उसका मुखड़ा है।।

सबका अपना-अपना भाग्य
मोहर लगे दाने-दाने हैं।

अविनाश ब्यौहार
जबलपुर मप्र




अफलातून लगा है

22 22 22 22
ग़ज़ल

वह तो अफलातून लगा है।
पशुता गर नाखून लगा है।।

भ्रष्टाचार बढ़ाने वाले,
उनके मुँह में खून लगा है।

जाड़े के दिन पाँव पसारे,
यानि सलाई-ऊन लगा है।

सोच-विचार अगर होता है,
तो मुझको मजमून लगा है।

बात अगर पानी की है तब,
मोती-मानुष-चून लगा है।

झूठा सच्चा एक बराबर,
तब अंधा कानून लगा है।

लू-लपटों का राज हुआ है,
क्योंकि महीना जून लगा है।

अविनाश ब्यौहार
जबलपुर मप्र




अफलातून लगा है

22 22 22 22
ग़ज़ल

वह तो अफलातून लगा है।
पशुता गर नाखून लगा है।।

भ्रष्टाचार बढ़ाने वाले,
उनके मुँह में खून लगा है।

जाड़े के दिन पाँव पसारे,
यानि सलाई-ऊन लगा है।

सोच-विचार अगर होता है,
तो मुझको मजमून लगा है।

बात अगर पानी की है तब,
मोती-मानुष-चून लगा है।

झूठा सच्चा एक बराबर,
तब अंधा कानून लगा है।

लू-लपटों का राज हुआ है,
क्योंकि महीना जून लगा है।

अविनाश ब्यौहार
जबलपुर मप्र




अतीत से वर्तमान : नवगीत वाङ्मय

इक्कीसवीं सदी में देखा गया है कि लगभग हर दो-तीन वर्ष में नवगीत के संकलन प्रकाशित हो रहे हैं, जिनमें कुछ वृहद संकलन हैं, तो कुछ संक्षिप्त हैं। इन संकलनों के द्वारा नवगीत सृजन के समसामयिक परिदृश्य को प्रस्तुत करने का प्रयास हुआ है। इस क्रम में सद्यः प्रकाशित संकलन- ‘नवगीत वाङ्मय’ यशस्वी नवगीतकार एवं संपादक डॉ अवनीश सिंह चौहान के संपादन में प्रकाशित हुआ है। यह संकलन चार उपशीर्षकों में संयोजित है। पहला भाग- ‘समारंभ’ है, जिसमें क्रमशः जन्मतिथि के अनुसार डॉ शम्भुनाथ सिंह, डॉ शिवबहादुर सिंह भदौरिया एवं राजेंद्र प्रसाद प्रसाद सिंह शामिल है। इन वरिष्ठ नवगीतकारों के तीन-तीन नवगीत उद्धृत हैं। दूसरा भाग- ‘नवरंग’ है, जिसमें गुलाब सिंह, मयंक श्रीवास्तव, शांति सुमन, राम सेंगर, नचिकेता, वीरेंद्र आस्तिक, बुद्धिनाथ मिश्र, विनय भदौरिया एवं रमाकांत शामिल हैं। इन सभी के नौ-नौ नवगीत उद्धृत हैं। तीसरा भाग- ‘अथ-बोध’ है, जिसमें नवगीत के महत्वपूर्ण हस्ताक्षर एवं ‘नये-पुराने’ पत्रिका के संपादक दिनेश सिंह का आलेख- ‘गीत की संघर्षशील जयी चेतना’ पठनीय है। अंतिम भाग में वरिष्ठ नवगीतकार डॉ मधुसूदन साहा जी से डॉ अवनीश सिंह चौहान द्वारा लिया गया विशिष्ट साक्षात्कार है। यानी कि पूरे संकलन में अतीत से वर्तमान तक नवगीत की दशा-दिशा का बोध होता है।

भूमिका- ‘प्रसंगवश’ में संपादक डॉ अवनीश जी द्वारा संक्षिप्त, किंतु सारगर्भित समालोचनात्मक आलेख प्रस्तुत किया गया है। आजकल नवगीत पर केंद्रित कतिपय प्रसंगों को अलग रखकर देखें, तो यह विमर्श अत्यंत प्रभावी एवं उपयोगी है। कहने को तो कोई भी संकलन या ग्रंथ परिपूर्ण नहीं होता है-‘रामचरितमानस’ भी नहीं है। यहाँ आधुनिक कवि मैथिलीशरण गुप्त के ‘साकेत’ को भी उदाहरणस्वरूप दिया जा सकता है। ‘नवगीत वाङ्मय’ में अवनीश जी ने अपने ‘वाङ्मय कौशल’ का भरपूर उपयोग किया है। ‘वाङ्मुख से साक्षात्कार तक’ यह संकलन ध्यानाकर्षक है। खास बात यह भी है कि संपादक अवनीश सिंह चौहान स्वयं नवगीत के अच्छे रचनाकार हैं। पत्र-पत्रिकाओं एवं संकलनों में छपते रहते हैं। इनका नवगीत संग्रह- ‘टुकड़ा कागज़ का’ प्रकाशित है, फिर भी अपने आप को इस संकलन से अलग रखा है। आज के समय में लोभ-संवरण कोई आसान कार्य नहीं है। सच्चाई है कि कुछ रचनाकार जब आलेख लिखते हैं, तब उन्हें अपनी रचनाओं के उदाहरण देने में थोड़ी भी हिचक नहीं होती है।

अब प्रश्न उठता है कि क्या संकलन में शामिल सभी नवगीतकार वाङ्मय निपुण हैं? अगर हैं, तो कहा जा सकता है कि समय को देखने और पहचानने की दृष्टि अलग-अलग होगी ही। निहितार्थ नगण्य अपवादों के होते हुए भी संपादक को ‘नवगीत वाङ्मय’ के सृजन परिदृश्य को प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। संपादक डॉ अवनीश सिंह चौहान ने जिन तब और अब के कवियों को समग्र रूप में सम्मिलित करने का कठिन प्रयास किया है और इसके माध्यम से उन्होंने जिस संपादन कौशल का परिचय दिया है, उसकी प्रशंसा की जानी चाहिए। ‘प्रसंगवश’ में डॉ अवनीश जी साफ-साफ कहते भी हैं- “समय-समय पर प्रबुद्ध नवगीतकारों के साथ-साथ समर्पित सम्पादकों ने भी समाज-निर्माण के उद्देश्य से नवगीत की वैश्विक चेतना का विस्तार करने की भरपूर कोशिश की है। ऐसी ही एक छोटी-सी कोशिश के रूप में इस ‘नवगीत वाङ्मय’ को देखा जा सकता है।”

जाहिर है कि ‘कोशिश करने वालों की हार नहीं होती।’ छोटी-सी कोशिश एक गिलहरी ने की, पुरुषोत्तम राम का आशीर्वचन मिला था। गीत एक ऐसी विधा है, जिसे कोई खारिज नहीं कर सकता है। प्रसिद्ध आलोचक नामवर सिंह कहते हैं- “यदि विद्यापति को हिंदी का पहला कवि माना जाए, तो हिंदी कविता का उदय ही गीत से हुआ, जिसका विकास आगे चलकर संतो और भक्तों की वाणी में हुआ” (प्रगति और समाज, पृ. 109)। समयानुसार गीत की काया बदली, किंतु आत्मा नहीं। कभी इसका स्वर मंद भी हुआ, किंतु बंद नहीं हुआ। गीत के स्वर्णकाल को आज भी याद किया जाता है। स्वर्णकाल से भी गीतकारों को संतुष्टि नहीं मिली, इसका कारण भी भिन्न-भिन्न विद्वानों के द्वारा स्पष्ट किया जाता रहा है। आजादी के बाद औद्योगिकीकरण, आधुनिकतावाद, बाजारवाद एवं उत्तर संस्कृति जैसी अवधारणाएँ पूरी दुनिया में फैलने लगीं। इसका प्रभाव साहित्य पर भी होने लगा। नई कहानी, नई कविता, नवगीत इत्यादि इस बदलती दुनिया की ही देन है। यह भी सही है कि नई कविता की प्रतिक्रिया में गीत को नवगीत कहा गया। 1958 में राजेंद्र प्रसाद सिंह ने ‘गीतंगिनी’ पत्रिका में ऐसे गीतों को नवगीत संज्ञा से प्रतिपादित किया। प्रारंभ में नामकरण का श्रेय लेने के लिए ‘वाक्-युद्ध’ भी होता रहा। अनुसंधान में प्रमाण की आवश्यकता होती है, नवगीत की प्रगति में डॉ शम्भुनाथ सिंह का ऐतिहासिक योगदान है। इस प्रसंग में जनवाद के वरिष्ठ गीतकार रमेश रंजक लिखते हैं- “गीतंगिनी’ की भूमिका में प्रकाशित नवगीत के इस ‘मेनिफेस्टो’ को वाराणसी से प्रकाशित होने वाली ‘वासंती’ मासिक पत्रिका के ‘नये गीत : नये स्वर’ लेख माला (1961-62) में डॉ शम्भुनाथ सिंह ने कुछ और आगे इस प्रकार बढ़ाया – गीत रचना की परंपरा-पद्धति और भाव-बोध को छोड़कर नवीन पद्धति और विचारों के नवीन आयामों तथा नवीन भाव सारणियों को अभिव्यक्त करने वाले गीत जब भी और जिस युग में लिखे जाएंगे, नवगीत कहलाएंगे” (नये गीत का उद्भव एवं विकास, पृ. 109)। प्रारंभ से अब तक नवगीत हम-ग्रस्त है। यह नवगीत की सेहत के लिए अच्छा नहीं है। नवगीत को शिखर तक ले जाने के लिए इस हम को दूर करना होगा। स्वस्थ आलोचना किसी भी विधा के लिए आवश्यक है। वह हम-ग्रस्त नहीं होनी चाहिए। हम दावे से नहीं कह सकते हैं कि किंतु देखा जाता है कि कुछ लोग व्यक्तिगत जीवन में कुछ, सर्जना में कुछ और होते हैं। गीत उद्योग का सांचा लेकर बैठे रहते हैं, ताकि बड़ी उपलब्धि प्राप्त की जा सके।

बहरहाल, ‘नवगीत वाङ्मय’ के ‘समारंभ’ में जन्म-तिथि क्रमानुसार तीन वरिष्ठ नवगीतकार प्रारंभिक दौर के हैं। इन तीन नवगीतकारों के तीन-तीन नवगीत उद्धृत है। मूलतः उनके नवगीतों में सामाजिक प्रतिबद्धता है, जीवन यथार्थ तथा मानवीय रिश्तों के पुनर्गठन की चेतना है। अमानवता के प्रति रोष है, किंतु उथल-पुथल मचाने वाला शोर नहीं है। युग-समय एवं आदमी के मर्म को महसूस कर जो रचनाएँ होती हैं, वैसी रचनाएँ इतिहास में स्थाई रहती हैं। डॉ शम्भुनाथ सिंह के नवगीत जातीय परंपरा को पुष्ट करते हैं- “देश हैं हम/ महज राजधानी नहीं।/ हम नगर थे कभी/ खण्डहर हो गए/ जनपदों में बिखर/ गाँव, घर हो गए/ हम जमीं पर लिखे/ आसमाँ के तले/ एक इतिहास जीवित/ कहानी नहीं।/ हम बदलते हुए भी/ न बदले कभी/ लड़खड़ाए कभी/ और सँभले कभी/ हम हजारों बरस से/ जिसे जी रहे/ ज़िन्दगी वह नई/ या पुरानी नहीं।“ 

‘हम’ बदलते हुए भी भीतर से नहीं बदले हैं। शम्भुनाथ जी अतीत को याद करते हुए वर्तमान में पहुंच जाते हैं। उन्होंने प्रायः अनदेखी और उपेक्षित सच्चाइयों को अपने नवगीत में संवेदनात्मक विमर्श का विषय बनाया है। उनकी आकांक्षा की जमीन उर्वर है। डॉ शिवबहादुर सिंह भदौरिया इसे अपने ढंग से सुदृढ़ करते हैं- “अपनी शर्तों पर जीने की/ एक चाह सबमें रहती है/ किन्तु जिंदगी अनुबंधों के/ अनचाहे आश्रय गहती है/ क्या-क्या कहना, क्या-क्या सुनना/ क्या-क्या करना पड़ता है।/ समझौतों की सुइयाँ मिलतीं/ धन के धागे भी मिल जाते/ सम्बंधों के फटे वस्त्र तो/ सिलने को हैं सिल भी जाते/ सीवन, कौन कहाँ कब उधड़े/ इतना डरना पड़ता है।” स्थिति स्पष्ट है कि समझौतों की सुई एवं धन के धागे के बीच जिंदगी उलझ कर रह गई है। पैबंद लगाकर कब तक जिया जा सकता है। शिवबहादुर जी के नवगीतों में जीवन की समग्रता तक पहुँचने का खुला प्रयास मिलता है।

नवगीत संज्ञा के प्रणेता राजेंद्र प्रसाद सिंह को आधुनिकता की आँधी में जातीय विरासत को बचा लेने की चिंता है- “उतरे जहाज से जो/ जीवन के नये-नये बटखरे/ मैं तुलने लगी उन्हीं से/ फिर वायुयान से उतरे/ जो संबंधों के ग्रह-तारे/ मैं जुड़ने लगी उन्हीं से/ मैं आधुनिका हूँ संदेही/ — तुम क्या हो?” यहाँ आधुनिका कौन है? समय की रंगत में पाश्चात्य संस्कृति का अनुकरण है। याद करें आदि कवि विद्यापति को- “देसिल बयना सब जन मिट्ठा।” आज आधुनिकता के दौर में शहर गाँव में प्रवेश कर गया है। युगबोध से संपृक्त ‘समारंभ’ के नवगीतकारों को मूल रूप से अपनी संस्कृति को बचा लेने की चिंता है।

‘नवरंग’ उपशीर्षक ‘नवगीत वाङ्मय’ का द्वितीय अध्याय है। ‘नवरंग’ में नौ रचनाकारों के नौ-नौ नवगीत हैं। उम्र के हिसाब से सात पुराने एवं दो नये नवगीतकार हैं। सभी समान विचारधारा के हैं। लिखने की भाव-भंगिमाएँ अलग-अलग हैं। इनमें सबसे पहले गुलाब सिंह जी हैं। गुलाब सिंह भीड़ से अलग रहते हैं। तटस्थ भाव से चुपचाप समय की रंगत को करीने से व्यक्त करते हैं –

छंदों में जीने के सुख संग/ शब्दों की विभुता

दर्द और दुख भी गाने की/ न्यारी उत्सुकता

भाव, कल्पना, संवेदन/ ले भीतर बसा प्रयाग।

और-

सघन भीड़ में बचे ‘आदमी’/ उसका आदमकद हो

गए प्यार का नए गीत में/ आगम ही ध्रुवपद हो

धुले मैल, निखरे मानवता/ चमक उठे बेदाग।

स्पष्ट है कि गीत का वंशज नवगीत है। नवगीतकार गुलाब सिंह ‘नये गीत’ के लिए ‘गीत’ को खारिज करना नहीं चाहते हैं। शायद इसीलिये वे ‘धुले मैल, निखरे मानवता’ की सुन्दर कामना करते हैं।

ऐसी ही कामना के पक्षधर कवि मयंक श्रीवास्तव जी हैं, जो बेबाक कह भी देते हैं- ‘गीत और नवगीत की पीड़ा में कोई विशेष फर्क नहीं होता है।’ यह बात किसी बड़े कवि की पहचान के लिए काफी है। मयंक जी के नवगीतों में, जो सामाजिक ताना-बाना है, वह औरों से अलग है। वे अपने आसपास के बिम्बों से बड़ी इमारत खड़ी करते हैं। वे सरल भाषा में संश्लिष्ट कहने वाले कवि हैं- “कोलाहल में एक बात/ यह मुझको भी कहने दो/ मेरा गाँव अगर छोटा है/ छोटा ही रहने दो।/ बड़े नगर की देख रोशनी/ बेसुध हो जाएगा/ पता नहीं है किस बंगले में/ पूरा खो जाएगा/ जब तक भी बह सके/ हवा पावन होकर बहने दो।” मयंक जी हार नहीं मानते हैं, उम्मीद में जीते हैं, थोड़े में गुजारा करना जानते हैं, आशान्वित भी हैं कि एक रोज विद्रूप समय भी बदलेगा।

नवगीत की प्रथम कवयित्री डॉ शान्ति सुमन ने अपनी राह खुद बनायी है। वे घर, परिवार, प्रकृति से बिंब लेकर सामाजिक असमानता के विरोध में गीत-नवगीत रचती रही हैं। वे कभी-कभी समय की प्रतिकूलता से जूझते हुए अतिक्रमण भी करती हैं- “दहशतों की नींद सोयी/ हर गली, हर मोड़/ देर कुछ जीकर मरा है/ रोशनी का मोर/ छू गया हो पाँव जैसे आग से/ धुंआ, कुहरा, रैन-छल-सी जिंदगी।” आलोचक डॉ रेवती रमण के शब्दों में “शांति सुमन नवगीत की अकेली कवयित्री मान्य हैं। इनके नवगीतों का उपजीव्य मिथिला की जनपदीय संस्कृति है, जनपदीय पर्यावरण और जीवन द्रव्य उन्हें गीतमय सुलभ है।”

राम सेंगर जी ख्याति प्राप्त नवगीतकार हैं। उनकी दृष्टि साफ है। वे इस संकलन में अपना मंतव्य स्पष्ट करते हुए कहते भी हैं- “बौद्धिक विश्लेषण द्वारा जीवन स्थितियों के आर-पार देखने की सर्जनात्मक आत्म-दृष्टि नवगीत के पास है।” इसीलिये राम सेंगर जी कबीर की तरह खरी-खरी कहते हैं-

 

बने अलग माटी के ये सब/ नामी और गिरामी

गैरत बची रहे मत करना/ इनकी गोड़-गुलामी 

इनकी नीयत से टकराना/ लेश नहीं मिमियाना 

ठाकुर, बामन, बनियों में तुम/ ठहरे निरे छदामी

खाल न उधड़े, ये जो ठहरे/ बड़े-बड़े आसामी 

इनकी फितरत से टकराना/ खुद को ढाल बनाना।

आजादी के वर्षों बाद भी आम आदमी हाशिए पर खड़ा है। प्रतिरोध के स्वर गूँज रहे हैं। जन-मन के वरिष्ठ गीतकार नचिकेता जी समय यथार्थ एवं सुविधाभोगी वर्ग के प्रति रोष व्यक्त करते हैं- “यहाँ नहीं होती अब/ उत्सव-त्योहारों की बात/ ठर्रे-विस्की की बोतल में/ गर्क हुए जज्बात/ तुलसी-चौरा सूनेपन का/ है बन गया पड़ाव।/ युवा वर्ग को रहा नहीं/ गाँवों से तनिक लगाव/ अपनेपन की कब्र खोदता/ है चेहरे का भाव/ काम-धाम का/ टारगेट है लुधियाना-पंजाब।” पुस्तक में संकलित कुछ नवगीतों में नचिकेता जी का प्रेम और प्रकृति से भी गहरा लगाव दिखाई पड़ता है।

कहते हैं कि कविता की वापसी आठवें दशक में हुई थी। यही वह समय था जब ‘नवगीत दशक’ (सम्पादक- डॉ शम्भुनाथ सिंह) अपनी आभा बिखेर रहा था। दूसरी ओर रमेश रंजक एवं रवींद्र भ्रमर जैसे गीतकार अपना परचम लहरा रहे थे। इसी दौर में सुकंठ कवि वीरेंद्र आस्तिक धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर पर उभर रहे थे। आस्तिक जी बड़े सहज एवं ईमानदार नवगीतकार हैं। किसी खास ‘वाद’ से इनका जुड़ाव नहीं है। संवेदनशील हैं, सो इनके कवि की नजर हर तरफ रहती है। आस्तिक जी का व्यक्तित्व ही कुछ ऐसा है- “हम जमीन पर ही रहते हैं/ अम्बर पास चला आता है।/ अपने आस-पास की सुविधा/ अपना सोना अपनी चांदी/ चाँद-सितारों जैसे बंधन/ और चाँदनी-सी आजादी/ हम शबनम में भींगे होते/ दिनकर पास चला आता है।/ हम न हिमालय की ऊँचाई/ नहीं मील के हम पत्थर हैं/ अपनी छाया के बाढ़े हम/ जैसे भी हैं हम सुन्दर हैं/ हम तो एक किनारे भर हैं/ सागर पास चला आता है।” भाषा, संवेदना एवं शिल्प की दृष्टि से वीरेंद्र आस्तिक एक सजग नवगीतकार हैं।

प्रेम, प्रकृति एवं मनुष्यता के पक्षधर डॉ बुद्धिनाथ मिश्र मेरे प्रिय नवगीतकार हैं। वे आदि कवि विद्यापति एवं जन-जन के कवि बाबा नागार्जुन के क्षेत्र से आते हैं। बुद्धिनाथ जी के नवगीतों में एक अद्भुत आकर्षण एवं मिठास है। कहा जाता है कि दुनिया की सबसे मीठी बोली मिथिला की ही है। शायद इसीलिये उनके नवगीत श्रोताओं एवं पाठकों को रोमांचित करते हैं। बुद्धिनाथ जी जीवन को समग्रता में लिखते हैं- “मैं वहीं हूँ जिस जगह पहले कभी था/ लोग कोसों दूर आगे बढ़ गए हैं।/ ज़िन्दगी यह, एक लड़की साँवली-सी/ पाँव में जिसने दिया है बाँध पत्थर/ दौड़ पाया मैं कहाँ उन की तरह ही/ राजधानी से जुड़ी पगडंडियों पर/

मैं समर्पित बीज-सा धरती गड़ा हूँ/ लोग संसद के कँगूरे चढ़ गए हैं।” और “दूर पर्वत पार से मुझको/ है बुलाता-सा पहाड़ी राग/ गर्म रखने के लिए बाकी/ है बची बस काँगड़ी की आग/ ओढ़कर बैठे सभी ऊँचे शिखर/ बहुत महँगी धूप के ऊनी दुशाले।”

अपने पिता की तरह जीवन की त्रासदियों के बीच डॉ विनय भदौरिया अपने नवगीत की छाप औरों से अलग छोड़ते हैं-

 

राम जाने सोच अपनी

किस दिशा को मुड़ गई

सड़क संसद भवन की

अब बीहड़ों से जुड़ गई

 

जानकार फिर भी बने अनजान

खो रहे दिन-दिन निजी पहचान

युग को क्या हुआ है

 

डॉ विनय जी प्रतीकात्मक भाषा में समय पर करारी चोट करते हैं, जबकि समय-सत्य को देखते-परखते हुए बेबाक लहजे में रमाकांत जी कुछ इस प्रकार से लिखते हैं-

महाभारत फिर न हो/ यह देखियेगा

फिर वही बातें/ वही चालें पुरानी

 

राजधानी में लुटी है/ द्रोपदी फिर

खेलती रस्साकसी/ नेकी-बदी फिर

 

कौन जीते, कौन हारे देखियेगा

धर्म ने फिर ओढ़ लीं खालें पुरानी।

 

कहना न होगा कि ‘नवगीत वाङ्मय’ में सम्मिलित सभी नवगीतकार समय की रंगत को अपनी-अपनी नजर से देख रहे हैं और व्यक्त कर रहे हैं।

संकलन के तृतीय अध्याय- ‘अथ-बोध’ में ‘नये-पुराने’ पत्रिका के यशस्वी संपादक दिनेश सिंह का आलेख- ‘गीत की संघर्षशील जयी चेतना’ बेहद पठनीय है। यह आलेख नवगीत लिखने-पढ़ने वालों के लिए बहुत उपयोगी भी है। यह कहना उचित ही है कि दिनेश सिंह ने ताउम्र नवगीत के लिए कोई समझौता नहीं किया। ऐसा विरले ही देखने को मिलता है।

अंतिम खण्ड- ‘साक्षात्कार’ का है- ‘नवगीत : न्यूनतम शब्दों में अधिकतम अभिव्यक्ति।’ संपादक द्वारा पूरे गए प्रश्नों के जवाब डॉ मधुसूदन साहा ने बिना लाग-लपेट के खरे-खरे शब्दों में दिए हैं। गद्य लेखन की तरह ही, साहा जी के गीत-नवगीत भी सहज और सम्प्रेषणीय होते हैं। प्रस्तुत साक्षात्कार में साहा जी पर्दे के भीतर से नहीं, पर्दा उठाकर अपनी बात रखते हैं; उन्होंने कई रहस्यों का पर्दाफाश भी किया है।

इस संकलन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी नवगीतकार को छोटा या बड़ा नहीं दिखलाया गया है और न ही किसी की कमियों को गिनाया गया है। इसमें छः राज्यों से चुने गए नवगीतकारों की वैचारिकी एवं नवगीतों में क्या विशेषताएँ हैं, बस इसे ही संपादक ने बताने की कोशिश की है। संप्रेषित नवगीत, आलेख, साक्षात्कार संप्रेषण में कितना सफल हुए हैं, यह सब भी पाठकों पर छोड़ दिया गया है। ‘नवगीत वाङ्मय’ के यशस्वी संपादक डॉ अवनीश सिंह चौहान स्वयं हिंदी और अंग्रेजी की पत्र-पत्रिकाओं के संपादक हैं, इसलिए आशा है कि उनके पाठक भविष्य में ‘नवगीत वाङ्मय’ का मूल्यांकन करेंगे ही। इस श्रमसाध्य कार्य के लिए डॉ अवनीश सिंह चौहान को ढेर सारी बधाइयाँ।

 

पुस्तक : नवगीत वाङ्मय

संपादक : अवनीश सिंह चौहान

प्रकाशक : आथर्सप्रेस, नई दिल्ली

प्रकाशन वर्ष : 2021 (संस्करण प्रथम, पेपर बैक)

पृष्ठ : 174, मूल्य रु 350/-

 

डॉ रणजीत पटेल

अलकापुरी, भगवानपुर, मुजफ्फरपुर-842001 (बिहार)

मो. 94314 75283