1

अशांत मन…!!

अशांत मन…

मन का युद्ध स्वयं के मन से,
जीत भला कैसे होगी…!
विमुख हुए अपने वादों से.,
प्रीत भला कैसे होगी…!

मौन शब्द का अर्थ…
अगर ना समझो तुम…
हृदय मध्य का मर्म…
अगर ना समझो तुम…
अफसोस मेरे मन में बैठा,
आघात करे…!
प्रतिघात…अगर ना समझो तुम…!

जन का युद्ध अगर नियमों से,
रीत भला कैसे होगी…!
सप्तक युद्ध अगर हो सुर से,
संगीत भला कैसे होगी…!

ये कैसा है साथ…
अगर तुम मन से मेरे साथ नहीं…
बस क्षणिक तनिक से प्रेम विवश…
मेरे हांथों में हांथ नहीं…

ये कैसी है दृष्टि तेरी…
ना देख रहे मेरे मन को…
हर बंजर को तुम देख रहे…
बस काट रहे मेरे वन को…

प्रेमी का जो युद्ध प्रियम से,
मीत भला कैसे होगी…!
प्रण के उस युद्ध से भाग लिए,
वो नीति भला कैसे होगी…!
अब प्रीत भला कैसे होगी…!
अब जीत भला कैसे होगी…!

✒️✒️




तब गांव हमें अपनाता है…!!!

रचना शीर्षक : “तब गांव हमें अपनाता है…!!!”
__________________________________

ग्रामीण भाव की धारा में,
जब शहर कोई बह जाता है,
शहरी होने का दंभ हृदय से,
मिट्टी सा बन रह जाता है,

तब गांव हमें अपनाता है…!
तब गांव हमें अपनाता है…!!

संघार गांव का कर कर के,
हर रोज़ शहर की नींव धरी,
ईंटों की ऊंची दीवारों से,
कैसे हो पृथ्वी हरी भरी,

जब शहर श्रेष्ठ और गांव तुच्छ,
का भूत उतर सा जाता है,
तब गांव हमें अपनाता है…!
तब गांव हमें अपनाता है…!!

सब बड़े हुए और शहर गए,
वो बूढ़ा कैसे प्रस्थान करे,
जन्म भूमि की माया में बंध,
कैसे उसका अपमान करे,

शहरी बेटा बूढ़े मन को,
जब सहज भाव पढ़ पाता है,
तब गांव हमें अपनाता है…!
तब गांव हमें अपनाता है…!!

वो मिट्टी में है सबल बना,
तुम चिकने पत्थर पर फिसल रहे,
ईश्वर प्रदत्त संसाधन छोड़,
भौतिकता में बस विकल रहे,

उस निर्बल अन्नदाता की खातिर,
जब सम्मान ज़रा बढ़ जाता है,
तब गांव हमें अपनाता है…!
तब गांव हमें अपनाता है…!!

बाबू जी का प्रेम छोड़,
मम्मी डैडी वो सीख रहा,
सभ्य समाज की आशा में,
एकल स्वभाव सा दीख रहा,

सम्मानजनक भाषा का ज्ञान,
जब शहरी बेटा कर जाता है,
तब गांव हमें अपनाता है…!
तब गांव हमें अपनाता है…!!

सादर,
🙏😊




तुम राम नहीं बन सकते तो…!!

निंदित कर्मों के बीच फंसे,
सत्कर्मों के अभिराम बनो,
तुम राम नहीं बन सकते तो,
कण के इक भाग सा राम बनो।

पर निंदा की तुम धारा में,
बहते ही बहते जाओगे,
कलुषित मन के दुर्भावों पर,
पर्वत सा पूर्ण विराम बनो,
तुम राम नहीं बन सकते तो,
कण के इक भाग सा राम बनो।

नीति अनीति के सागर में,
नाविक तो तुम अब बन बैठे,
लहरों से क्यूं भयभीत हुए,
इक सत्यनिष्ठ संग्राम बनो,
तुम राम नहीं बन सकते तो,
कण के इक भाग सा राम बनो।

आराध्य नहीं हो सकते तुम,
जब तक ना अहम का त्याग करो,
जलधि सदृश तुम हठी नहीं,
निर्मल जल सा अविराम बनो,
तुम राम नहीं बन सकते तो,
कण के इक भाग सा राम बनो।

शत्रु भाव परिलक्षित हो,
तुम मित्र भाव ही दर्शाओ,
निंदक की निन्दा को तुम,
प्रेम भाव से भर जाओ,

श्रीकृष्ण सा इक प्रेमी बनकर,
तुम सबल एक बलराम बनो,
तुम राम नहीं बन सकते तो,
कण के इक भाग सा राम बनो।

सादर🙏🙏




जीवनसंगिनी…!!!

प्रीत की रीत कहूं तुमसे,
दिल उनसे आज ये जुड़ बैठा,
प्रीत की परछाई लेकर,
मन उनको आज ले उड़ बैठा।

फिर साथ मिला तेरा मुझको,
जीवन में तुम मेरे आए,
फेरों से वचन पिरोया यूं,
सांसों की माला बन जाए।

डगमग डगमग जब नाव चली,
पतवार लिया हांथो में तब,
जब धाराएं विपरीत हुई,
विश्वास भरा सांसों में तब।

एहसान है ये तेरा मुझपर,
संगिनी बन तुमने साथ दिया,
खुद के अरमानों का गला घोंट,
परहित में अपना हांथ दिया।

महसूस नहीं कर सकते हम,
तेरे मन जो भी द्वंद चले,
जग के कर्कश कुछ तानों पर भी,
मन तेरे प्रीत के छंद चले।

अब मुक्त नहीं हो सकते हम,
एहसान जो तुमने दान दिए,
सह बोझ निरंतर हम सब का,
कर्तव्य इसे तुम नाम दिए।

प्रेम भरी परिपाटी पढ़,
कृत कृत्य किया तुमने हमको,
हर जन्म तुम्हारा प्रेम मिले,
प्रभु से वरदान मिले हमको।

✒️✒️




मत हो कृतघ्न…!!!

वो तुच्छ समझता था जिसको…
उसने ही उसका साथ दिया…
वक़्त ज़रा बदला उसका…
देखो कैसे अभिशाप दिया…

जो ना दे कुछ वो दाता तो…
अपमान भला यूं क्यूं करना…
दुष्ट निकम्मों मक्कारों का…
सम्मान भला यूं क्यूं करना…

जिससे ही आज प्रतिष्ठा उसकी…
जिससे ही आज सब मंगल है…
कैसे सब भूल चुका देखो…
ये उसके मन का जंगल है…

धिक्कार तुझे उन एहसानों का…
जिनको तू आज भूला बैठा…
जिन तख्तों पर बैठा इस युग में…
उनको ही आज हिला बैठा…

धिक्कार तुम्हे उन उपकारों का…
दाता से तुमने प्राप्त किए…
है अधीर तू इतना क्युं…
जो ऐसे तल्ख आघात किए…

एहसान ज़रा तुम मानो तो….
थोड़े से एहसानों का..
जो नहीं मिला इस जन्म तुझे…
मत गला घोंट अरमानों का…

जो मिला मुझे उस ईश्वर से…
देखो उसमें ही “ऋषि” मग्न…
जो नहीं मिला उस ईश्वर से…
देखो मत होना कभी कृतघ्न…

सादर🙏🏻🙏🏻




महिला दिवस काव्य प्रतियोगिता

सच्ची हितैषी हूँ तुम्हारी
—————————-
जानती हूँ मैं,और भीतर ही भीतर मानते हो तुम भी,
कि सच्ची हितैषी हूँ तुम्हारी।
पर व्यक्त करने का तरीका तुम्हारा, शायद अलग है ।

मैं पुरुष नहीं, बदल जाय जो हालात के संग
मैं नारी हूं, जो बदले खुद को हालात के रंग।
जानती हूँ मैं,और भीतर ही भीतर मानते हो तुम भी,
कि सच्ची हितैषी हूँ तुम्हारी।
पर व्यक्त करने का तरीका तुम्हारा, शायद अलग है ।

मैं राम नहीं ,ना ही मैं हूँ कृष्णा,
न रावण के जैसी मुझमें मृगतृष्णा।
खुद को मिटाकर तुम्हें बचाऊं
जानती हूँ मैं,और भीतर ही भीतर मानते हो तुम भी,
कि सच्ची हितैषी हूँ तुम्हारी।
पर व्यक्त करने का तरीका तुम्हारा, शायद अलग है ।

मैं समय नहीं जो बदल जाए,_
पत्थर भी नहीं जो थम जाए।
सागर हूं,गगरी नहीं जो छलक जाए ,
जानती हूँ मैं,और भीतर ही भीतर मानते हो तुम भी,
कि सच्ची हितैषी हूँ तुम्हारी।
पर व्यक्त करने का तरीका तुम्हारा, शायद अलग है ।

भुला सकते हो तुम अपनी खुशी में मुझ को,
हो सकता है याद भी ना आऊँ तुम को।
पर याद करो दुख का कोई एक पल ,
सदा ही साथ खड़ा पाया होगा मुझ को ।
जानती हूँ मैं,और भीतर ही भीतर मानते हो तुम भी,
कि सच्ची हितैषी हूँ तुम्हारी।
पर व्यक्त करने का तरीका तुम्हारा, शायद अलग है ।

तुम मेरी फ़िक्र करो, ना करो ,
तुम मेरा ज़िक्र करो, ना करो ।
मेरे रहते घर से बेफिक्र हो तुम।
जानती हूँ मैं,और भीतर ही भीतर मानते हो तुम भी,
कि सच्ची हितैषी हूँ तुम्हारी।
पर व्यक्त करने का तरीका तुम्हारा, शायद अलग है ।

चाहे युग वैज्ञानिक हो,
या कोई सा भी युग रहा होगा ।
याद करो मैनें नहीं ,
तुमने ही मुझे छोड़ा होगा ।
जानती हूँ मैं,और भीतर ही भीतर मानते हो तुम भी,
कि सच्ची हितैषी हूँ तुम्हारी।
पर व्यक्त करने का तरीका तुम्हारा, शायद अलग है ।

मैं बाहर से कोमल,भीतर से कठोर,
तुम भीतर से कोमल,बाहर से कठोर ।
इक दूजे के पूरक,ना अस्तित्व कहीं और।
जानती हूँ मैं,और भीतर ही भीतर मानते हो तुम भी,
कि सच्ची हितैषी हूँ तुम्हारी।
पर व्यक्त करने का तरीका तुम्हारा, शायद अलग है .

( स्वरचित)

…समिधा नवीन वर्मा 




नशा

#नशा
ये -धुआँ भी चीज अजीब है
नशा इसका बेमिसाल है,
जकड़ता है लोगों को गिरफ्त में
धीरे -धीरे,
ये -धुआँ भी चीज अजीब है |
भूल जाते हैं लोग अपनों को
और  दुनिया  जहान  को ,
जब…,
डूबते हैं वो इसके आगोश में,
ये -धुआँ भी चीज अजीब है |
जलती भी है और जलाती है,
गलती  भी है और  गलाती है,
उड़ती  भी है और  उड़ाती है,
उनको  अपनी  ही  तरह
धीरे -धीरे,
ये -धुआँ भी चीज अजीब है |
करती है ये उनको खोखला
राख के मानिंद
फिर,
मिट्टी में मिलाती है संग अपने,
धीरे -धीरे,
सदा के लिए,
क्योंकि…,
ये -धुआँ भी चीज अजीब है ||
 
शशि कांत श्रीवास्तव
डेराबस्सी मोहाली, पंजाब
©स्वरचित मौलिक रचना



“महिला दिवस काव्य प्रतियोगिता” हेतु कविता।

बेटियाँ

घर मेरे मौसम की, बहार आयी,

घर मेरे  शबनम की, फुहार आयी,

दे दिया तोहफ़ा, मुझे कुदरत ने,

बागीचे में मेरे, एक कचनार आयी।

 

ओस सी नाज़ुक, मासूम तितलियों सी,

कमल से नयन, चमक बिजलियों सी,

मुस्कुराहट तो ऐसी कि गम भूल जाऊँ,

सभी को हँसाने, एक गुलनार आयी।

 

ज़माने से लड़ना, है सिखाना तुम्हें,

आगे और आगे, है बढ़ाना तुम्हें,

पढ़ेगी, बढ़ेगी, होगा मुकाम हासिल,

मेरा सपना वो करने साकार आई।

 

बेटियाँ अमानत, हैं किसी और की,

सोच को ऐसी, बदलना ही होगा,

सम्भलेगी अभी, सम्भालेगी तभी,

दो-दो कुलों का, बढ़ाने मान आई।

नवल किशोर गुप्त

वाराणसी

मो. 7752800641




“प्रेम काव्य लेखन प्रतियोगिता” हेतु कविता।

एहसास

मन भावों को कैसे उकेरूं,

शब्द नहीं हैं पास मेरे,

कैसे गढ़ू मैं चित्र घनेरे,

रंग नहीं हैं पास मेरे।

 

एहसासों के बादल बरसें,

चढ़े रंग तेरे प्यार का,

भीनी-भीनी खुशबू फैले,

मौसम हो यह बहार का।

स्नेह-शिला पर प्रकृति बैठी,

करती हो श्रृंगार रे,

आलिंगन में भरके मुझको,

देती चुम्बन-हार रे।

 

यादों की इस बेला में,

शाम सुहानी लगती है,

मध्धम सी दीपक की लौ,

अनकही कहानी कहती है।

जीवन की आपा-धापी में,

कब हो जाये प्यार रे,

मिलने की मैं आश करूँ,

अवलम्ब नहीं है पास रे।

नवल किशोर गुप्त

वाराणसी

मो 7752800641

 




तुम लौट आओ

 
शीर्षक -” तुम लौट आओ”
          
 
               
              वो सुर्ख़ ग़ुलाब
     जो थामा था तुमने हाथ में
           संग-संग चलने का
   किया वायदा था चाँदनी रात में
             वो कसमें , वो वायदे
         मुझको सब कुछ याद हैं………..!
       
      तुम लौट आओ………..
 
            तुम्हारी सब निशानिया
    नजरें चुराना, छुईमुई सा शर्माना
            आग़ोश की सरगर्मियां
             झील के उस छोर की
      वो मुलाकातें, वो कहानियाँ 
         मुझको सब कुछ याद हैं !
                              
    तुम लौट आओ………..
                            
                       वो शाम-ए-सहर
                 वो सावन की बरसातें
                  वो उल्फ़त,वो चाहत
                   दिल में  सुगबुगाहट
   भीगे-भीगे पल,बहकी-बहकी बातें !
             याद हैं सब मुझको 
                
                   बासंती, मदमस्त पवन
              खिलखिलाते पंखुड़ियों से
            लब पुलकित,मदहोश नयन
     बिखरी झुलफें झूमें ज्यों घटा सावन
               हां सब मुझको याद है………!
 
             तुम लौट आओ……….
 
                                  
     तेरी पायलों की खनक
       भवरों की गुनगुन
    अपलक निहारना
      मुझे मन ही मन
     नहीं भुला हूँ अब तक
   उन हँसी लम्हों की छुअन !
         
               वही आसमाँ, वही जमीं
       महफ़िल है जवाँ, और हंसीं-हसी
               सुर्ख़ गुलाबों में भी नमी
        क़ायनात गवाह है,साँसें हैं थमी !
     
तुम लौट आओ 
तुम लौट आओ कि
ग़ुलाब फिर से खिल गये हैं……….!
    
    ©कुलदीप दहिया ” मरजाणा दीप “
    हिसार ( हरियाणा )
    संपर्क सूत्र -9050956788