1

महिला दिवस काव्य प्रतियोगिता हेतु कविता – दबे रंग की स्त्री

 

प्रेम रखती हैं
सुझाव देने वाली
स्त्रियाँ सभी
एक अरसे से
अनुभव पिया है सबने।

गर्भवतियों को
दी जाने वाली सलाह में
सबसे पहले आता है
समाधान रंगभेद का।

सुनो बहन
ज़रूरी है गौरवर्ण
कैसे देगी जन्म
एक गोरी संतान को
दबे रंग की स्त्री।

डरती हाँ हाँ करती है
चाहे जो भी हो
ज़रूर देगी जन्म
गौर वर्ण की संतान
दबे रंग की स्त्री।

पड़ता नहीं खाना पूरा
जिसकी थल पर
पिलाते रोज़ अब नारियल पानी
ज़रूर देगी जन्म
गौर वर्ण की संतान
दबे रंग की स्त्री।

लाते हैं खरीद कर
महंगी केसर की डिबिया
देते घूँट घूँट रखवारी में
ज़रूर देगी जन्म
गौर वर्ण की संतान
दबे रंग की स्त्री।

हावी  विषमताओं को
सन्तुलित करने का ज़िम्मा
उठाना है स्त्री के गर्भ  को,
समय साक्षी है कि
क्या होगा अगर
नहीं दे पाई जन्म
गोरी संतान को
एक दबे रंग की स्त्री।